कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट: 2027 तक हवाई सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य, ओम बिरला ने मांगी नियमित प्रगति रिपोर्ट
राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को लेकर केंद्र सरकार ने समयबद्ध निर्माण पर जोर दिया है। संसद भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अधिकारियों को अक्टूबर 2027 तक एयरपोर्ट निर्माण पूरा करने और दिसंबर 2027 तक नियमित हवाई सेवाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की प्रगति पर हर तीन माह में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
संसद भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की। बैठक में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के चेयरमैन तथा राज्य प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी और पर्यावरणीय स्वीकृतियों तथा निर्माण के विभिन्न चरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की।
निर्माण कार्य तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण कार्य मई 2025 में शुरू हो चुका है। परियोजना का डिजाइन डेवलपमेंट चरण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि फाउंडेशन का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। इसके साथ ही रनवे, टर्मिनल भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की तैयारियां भी निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि परियोजना को तय लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने के प्रयास जारी हैं।
अक्टूबर 2027 तक निर्माण और दिसंबर में उड़ानों का लक्ष्य
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट का निर्माण अक्टूबर 2027 तक पूरा कर लिया जाए, ताकि दिसंबर 2027 तक यहां से नियमित हवाई सेवाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। यदि किसी प्रशासनिक, तकनीकी या अन्य स्वीकृति से संबंधित बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, जिससे परियोजना की गति प्रभावित न हो।
1507 करोड़ की परियोजना से हाड़ौती को मिलेगा बड़ा लाभ
करीब 1507 करोड़ रुपये की लागत से शंभूपुरा क्षेत्र में विकसित हो रहा यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट कोटा, बूंदी और पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए बड़ी आधारभूत परियोजना माना जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों, शिक्षा, व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में यह भी तय किया गया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया प्रत्येक तीन माह में परियोजना की प्रगति रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को उपलब्ध कराएगी, ताकि समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।