STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशुक्रवार, 13 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

झालावाड़ में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते कार्यवाहक महाप्रबंधक गिरफ्तार, बकाया भुगतान पर मांगा था 10% कमीशन

राजस्थान के झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर दवा सप्लाई के बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप है। परिवादी की फर्म का करीब 15.32 लाख रुपए का भुगतान बकाया था। एसीबी अब आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

दवा सप्लाई के 15.32 लाख रुपए थे बकाया
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • झालावाड़ में ACB का बड़ा एक्शन, 15 हजार की रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार
  • बकाया भुगतान के बदले मांगा 10% कमीशन, महाप्रबंधक गिरफ्तार
  • दवा सप्लाई के भुगतान में रिश्वत का आरोप, ACB ने बिछाया जाल

JHALAWAR,13 NOV. 2026:

दवा सप्लाई के 15.32 लाख रुपए थे बकाया

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, झालावाड़ एसीबी चौकी में 12 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिवादी की फर्म गुरुकृपा मेडिकोज, झालरापाटन ने झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार में दवाइयों की सप्लाई की थी। इसके करीब 15.32 लाख रुपए का भुगतान बकाया था।परिवादी का आरोप था कि 9.19 लाख रुपए के भुगतान संबंधी चेक पर हस्ताक्षर करने के बदले कार्यवाहक महाप्रबंधक मस्तराम मीणा रिश्वत मांग रहे थे।

बकाया भुगतान का 10 प्रतिशत कमीशन मांगा

शिकायत के बाद एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी की ओर से बकाया भुगतान का 10 प्रतिशत रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।सत्यापन के दौरान आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए। वहीं, शेष 4.19 लाख रुपए का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि आरोपी ने 25 हजार रुपए अगले दिन देने और बाकी रिश्वत चेक पास होने के बाद देने की बात कही थी।इसके बाद आरोपी ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर संबंधित बैंक के नाम पत्र सहित परिवादी को सौंप दिया।

15 हजार रुपए लेते ही ACB ने किया गिरफ्तार

13 नवंबर को परिवादी ने 15 हजार रुपए की व्यवस्था की। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की। कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में टीम ने कार्रवाई की।एसीबी चौकी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।

ACB ने आमजन से की शिकायत करने की अपील

एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ सहयोग करने की अपील की है। ब्यूरो ने कहा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होने पर तथ्यों और वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपर्क किया जा सकता है।एसीबी ने लोगों को किसी भी तरह के भय या दबाव में आकर धोखाधड़ी का शिकार नहीं होने की सलाह भी दी है। महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

- ACB हेल्पलाइन: 1064

- व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 94135-02834

इन नंबरों पर 24 घंटे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। एसीबी ने वैध कार्यों में आमजन की मदद करने की बात भी कही है।

पुलिस का पक्ष

पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।