जयपुर में ढाई साल की बच्ची को अनजान व्यक्ति के पास छोड़ गया पिता, लौटने पर दोनों गायब
जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर ढाई साल की बच्ची को अनजान व्यक्ति के पास छोड़कर सामान लेने जाना पिता को भारी पड़ गया। वापस लौटने पर बच्ची और वह व्यक्ति दोनों गायब मिले। पिता की सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बसों की जांच की। इसके बाद मुरलीपुरा इलाके में आरोपी के किराए के मकान से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने 39 वर्षीय पप्पू जाटव को गिरफ्तार किया है।

मुख्य बातें
- पिता सामान लेने गया, पीछे से बच्ची को लेकर चला गया अनजान शख्स
- सिंधी कैंप से गायब ढाई साल की बच्ची, रात 2 बजे पुलिस ने ढूंढ निकाला
- सीसीटीवी से मिला सुराग, बस रुकवाकर पुलिस ने ऐसे बचाई बच्ची
JAIPUR,19 NOV.2026:
बस स्टैंड पर हुई थी अनजान व्यक्ति से मुलाकात
जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार, घटना 18 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे की है। उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी मनोज कुमार जाटव अपनी ढाई साल की बच्ची के साथ अजमेर के रूपनगढ़ से गांव जा रहा था।हाथरस जाने वाली बस के इंतजार में वह सिंधी कैंप बस स्टैंड पर बैठा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के छर्रा निवासी पप्पू जाटव (39) से हुई। पप्पू जयपुर के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र की बजरंग कॉलोनी में किराए से रहता है।दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद मनोज अपनी बच्ची को पप्पू के पास छोड़कर कुछ सामान लेने चला गया।
वापस लौटा तो बच्ची और व्यक्ति दोनों गायब मिले
मनोज सामान लेकर वापस लौटा, तो वहां न पप्पू मिला और न ही उसकी बच्ची। काफी तलाश के बाद उसने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।सूचना मिलने पर सिंधी कैंप थानाधिकारी वंदना नरूला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बस स्टैंड के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में बुजुर्ग महिला के साथ दिखा संदिग्ध
सीसीटीवी फुटेज में पप्पू एक बुजुर्ग महिला के साथ दिखाई दिया। जांच में पता चला कि महिला उत्तर प्रदेश जाने वाली बस में बैठी थी।इसके बाद पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर में उत्तर प्रदेश जाने वाली बसों को रुकवाकर जांच की। एक बस में बुजुर्ग महिला मिल गई। पूछताछ में उसने बताया कि उसका बेटा पप्पू जाटव उसे बस में बैठाने सिंधी कैंप आया था।इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने पप्पू के जयपुर स्थित ठिकाने का पता लगाया।
किराए के मकान से बच्ची सकुशल बरामद
पुलिस ने मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील से समन्वय कर बैनाड़ रोड की बजरंग कॉलोनी में घर-घर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पप्पू अपने किराए के मकान में बच्ची के साथ मिल गया।पुलिस ने रात करीब 2 बजे बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और पप्पू जाटव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में बताई यह वजह
पुलिस पूछताछ में पप्पू ने बताया कि वह अपनी मां को बस में बैठाने सिंधी कैंप आया था। वहां उसकी मुलाकात मनोज से हुई और दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।उसके अनुसार, मनोज बच्ची को उसके पास छोड़कर सामान लेने गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर वह बच्ची को अपने घर ले गया। पप्पू ने बताया कि वह जयपुर में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है।बच्ची को सुरक्षित बरामद करने की कार्रवाई में सिंधी कैंप थाना पुलिस के साथ मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील और ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी छोटेलाल की अहम भूमिका रही।
पुलिस का पक्ष
आरोपी ने पूछताछ में बताई वजह
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





