#राज्य-शहर

जयपुर-हरिद्वार रोडवेज AC बस बनी आग का गोला, 26 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

जयपुर हरिद्वार रोडवेज एसी बस में आग

जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस उत्तर प्रदेश के मेरठ में अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। चालक की सतर्कता और यात्रियों की त्वरित प्रतिक्रिया से सभी 26 लोगों की जान बच गई, हालांकि बस में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

चलती बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जानकारी के अनुसार बस गुरुवार रात जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह मेरठ-मुजफ्फरनगर सीमा के पास बस के पिछले हिस्से में लगे एसी सिस्टम की वायरिंग में कथित शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। पीछे चल रहे एक बाइक सवार ने आग की जानकारी चालक को दी, जिसके बाद चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान, सामान जला

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मुख्य दरवाजे पर भीड़ बढ़ने के कारण कई यात्रियों ने आपातकालीन खिड़कियों और अन्य रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में सभी 26 यात्री सुरक्षित बाहर आ गए। चालक और परिचालक ने डिग्गी से सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण अधिकांश बैग, कपड़े और अन्य सामान बस में ही जल गए।

दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही मेरठ, मुजफ्फरनगर और सरधना से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित हरिद्वार रवाना किया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *