जयपुर में गारमेंट व्यापारी पर जानलेवा हमला, लूट की कोशिश नाकाम…
जयपुर के कालवाड़ रोड क्षेत्र में एक गारमेंट व्यापारी पर लूट के इरादे से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब व्यापारी दुकान बंद कर रहा था। आरोपी नकाब पहनकर दुकान में घुसे और मौका पाकर हमला कर दिया।
चाकू से वार, चेहरे पर मिर्च पाउडर रगड़ा
पीड़ित व्यापारी योगेन्द्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि आरोपी पहले ग्राहक बनकर कपड़े और अंडरगारमेंट्स देखने लगे। इसी दौरान वे लगातार मोबाइल पर किसी से बात करते रहे। कुछ देर बाद अचानक एक आरोपी ने व्यापारी के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी, जबकि दूसरे आरोपी ने काउंटर पर चढ़कर चाकू से सिर पर वार किया और चेहरे पर मिर्च पाउडर रगड़ दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि किस तरह आरोपी पहले सामान्य व्यवहार करते हैं और फिर अचानक हिंसक हो जाते हैं। यह फुटेज पुलिस जांच में अहम सबूत बना है।
शोर मचाने पर भागे आरोपी, लोगों ने पकड़ा
हमले के दौरान व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया। खुद को पकड़े जाने का अंदेशा होते ही आरोपी दुकान से बाहर भागे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
करधनी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। जांच के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मजदूरी के साथ कर रहे थे आपराधिक गतिविधियां
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब खान उर्फ रोवाब और अफ्फान हसन के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और हाल में मुंबई में रह चुके थे। फिलहाल वे जयपुर के मंगलम सिटी क्षेत्र में किराए पर रहकर मजदूरी कर रहे थे।
दो चाकू और बिना नंबर की स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।