#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

किशनगढ़बास में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने खोखे में मारी टक्कर, आग लगने से मचा हड़कंप…

अलवर जिले के खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास कस्बे में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। तोप सर्कल के पास ईंटों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बने लकड़ी के खोखों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद ट्रक और आसपास के खोखों में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार करीब 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे सरकारी स्कूल की दीवार के पास बने खोखों में जा घुसा, जिससे तेज धमाका हुआ। टक्कर के साथ ही ट्रक में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते आसपास के दुकानों तक फैल गई।

दमकल की देरी से आग ने पकड़ा विकराल रूप

सूचना पर किशनगढ़बास थाना पुलिस और नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची। लेकिन दमकल वाहन करीब आधा घंटा देर से पहुंचा, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। बाद में खैरथल से दो और तिजारा से एक दमकल वाहन बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

चालक नशे में था, अस्पताल में भर्ती

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान रफीक खान पुत्र हाजी मोहम्मद खान, निवासी लाडपुर (रामगढ़) के रूप में की। जांच में पता चला कि रफीक हादसे के वक्त नशे की हालत में था। उसे गंभीर अवस्था में किशनगढ़बास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने किया मौके का निरीक्षण

थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *