#राज्य-शहर

डूंगरपुर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से दो युवकों की मौके पर मौत

डूंगरपुर हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से 2 युवकों की मौत

राजस्थान के डूंगरपुर शहर में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शास्त्री कॉलोनी रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, हादसा शास्त्री कॉलोनी रोड पर बस स्टैंड से तहसील चौराहा जाने वाले मार्ग पर मेवाड़ फर्नीचर के सामने हुआ। बाइक पर सवार दोनों युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान नरेश (निवासी खेरवाड़ा) और गोपाल (निवासी सलूंबर) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य किया। दोनों शवों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।

बस चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश

हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *