बालोतरा में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-डंपर टक्कर में 5 युवकों की मौत, 3 गंभीर
बाड़मेर/बालोतरा। बालोतरा जिले के भांडियावास गांव के पास एनएच-125 पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दो घायलों की जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी मृतक बायतू के कानोड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो पहले किसी अज्ञात वाहन से टकराई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर डंपर से जा भिड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हादसे के बाद अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर घायलों व मृतकों की जानकारी लेते नजर आए।