#क्राइम #राज्य-शहर

नौतपा की तपिश से बिगड़ी सेहत: अलवर अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़, ओपीडी 1000 पार

अलवर। नौतपा की भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसका असर अब अस्पतालों में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है।

अलवर के राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी एक ही दिन में 1000 मरीजों के पार पहुंच गई। बड़ी संख्या में लोग बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द, उल्टी, जुकाम और लू से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है।

स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। लू से प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है, जहां प्राथमिक उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था है और इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टर भवानी शंकर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तेज धूप और लू से बचने के लिए अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें, घर से बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि शरीर में पानी की कमी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

नौतपा की शुरुआत के साथ ही अलवर में गर्मी के तेवर और तीखे हो गए हैं। सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं और दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *