जोधपुर में तलवार लेकर GSS ऑफिस पहुंचा बिजली कर्मचारी, शराब के नशे में मचाया हंगामा
जोधपुर के गिरदीकोट स्थित विद्युत सब-स्टेशन (GSS) में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बिजली कर्मचारी तलवार लेकर कार्यालय पहुंच गया। शराब के नशे में धुत कर्मचारी ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाया तथा जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कर्मचारी तलवार लहराते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलवार लेकर ऑफिस पहुंचा कर्मचारी
घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे सदर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गिरदीकोट जीएसएस कार्यालय की है। पुलिस के अनुसार बिजली कर्मचारी अब्दुल रशीद का किसी अन्य कर्मचारी के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वह शराब के नशे में तलवार लेकर कार्यालय पहुंच गया। वहां पहुंचते ही उसने हंगामा शुरू कर दिया और कर्मचारियों को धमकाने लगा।
अधिकारियों और कर्मचारियों को दी धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी तलवार लहराते हुए चिल्ला रहा था और बार-बार कह रहा था कि वह किसी को नहीं छोड़ेगा। इस दौरान जीएसएस में मौजूद एईएन और अन्य कर्मचारी उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह लगातार आक्रामक बना रहा। घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
वीडियो में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कर्मचारी के हाथ में तलवार साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में अधिकारी और कर्मचारी उसे शांत कराने की कोशिश करते नजर आते हैं, जबकि आरोपी लगातार धमकी देता हुआ दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
स्टाफ ने छिनी तलवार, मौके से भागा आरोपी
हंगामे के दौरान जीएसएस के कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से तलवार छीन ली। इसी बीच पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में अधिकारियों और कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने देर रात किया गिरफ्तार
सदर कोतवाली थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात करीब 2 बजे दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया और शांतिभंग की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई अलग मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।
विवाद की वजह की जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी कर्मचारी का कार्यालय के ही एक अन्य कर्मचारी के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामला कर्मचारियों के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।