धौलपुर News: कूनो से आया KGP-3 चीता रीझौनी जंगल में सक्रिय, नीलगाय के बछड़े का किया शिकार
धौलपुर जिले के सरमथुरा क्षेत्र में मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से आया KGP-3 चीता लगातार मूवमेंट कर रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह से वन विभाग और कूनो की विशेषज्ञ टीम उसकी निगरानी में जुटी है। चीता रीक्षरा का जंगल छोड़कर अब रीझौनी वनखंड के गुलालपुरा क्षेत्र में पहुंच गया है। यहां उसने नीलगाय के बछड़े का शिकार किया है। जंगल में झाड़ियों और पेड़ों पर यूरिन स्प्रे करते हुए उसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। विशेषज्ञ इसे चीते का प्राकृतिक व्यवहार और सेंट मार्किंग का हिस्सा बता रहे हैं।

मुख्य बातें
- धौलपुर के जंगल में KGP-3 चीते का शिकार, नीलगाय के बछड़े को बनाया निवाला
- कूनो से आया चीता रीझौनी जंगल में सक्रिय, छह दिन में छह किलोमीटर चला
- KGP-3 चीते की नई तस्वीरें आईं सामने, झाड़ियों पर कर रहा सेंट मार्किंग
DHOLPUR,12 NOV. 2026:
रीझौनी के जंगल में बनाया ठिकाना, नीलगाय के बछड़े का शिकार
कूनो नेशनल पार्क से आया KGP-3 चीता पिछले छह दिनों से धौलपुर के जंगलों में सक्रिय है। वन विभाग के अनुसार, चीते का मूवमेंट रीझौनी वनखंड के गुलालपुरा के समीप पथरीले जंगल में बना हुआ है। यहां उसने नीलगाय के बछड़े का शिकार किया है।इससे पहले चीते ने रीक्षरा के जंगल में गाय के बछड़े का शिकार किया था। वनपाल सदर नीलेन्द्र सिंह के मुताबिक, KGP-3 ने छह दिनों में करीब छह किलोमीटर का सफर तय किया है। इस दौरान उसने दूसरा शिकार किया है। वन विभाग और कूनो नेशनल पार्क के विशेषज्ञ उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
झाड़ियों पर यूरिन स्प्रे कर रहा चीता, सामने आई तस्वीरें
रीझौनी वनखंड के गुलालपुरा के पास चीते की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें वह पथरीले जंगल में आराम करता और झाड़ियों पर यूरिन स्प्रे करता दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों के बाद वन्यजीव प्रेमियों के बीच चीते की गतिविधियों को लेकर चर्चा हो रही है।कूनो नेशनल पार्क के विशेषज्ञ केशव बंसल के अनुसार, पेड़ों और झाड़ियों पर यूरिन स्प्रे करना चीते के प्राकृतिक व्यवहार का हिस्सा है। इसे सेंट मार्किंग कहा जाता है। इसके जरिए चीता अपने क्षेत्र में गंध छोड़ता है। यह गंध लंबे समय तक बनी रह सकती है। इससे दूसरे वन्यजीवों को उसकी मौजूदगी और क्षेत्र के बारे में संकेत मिलते हैं।
टेरेटरी बनाने के संकेत, मादा तक पहुंचाने में भी मददगार
विशेषज्ञ केशव बंसल के मुताबिक, नर चीते कई बार मादा चीतों को अपनी मौजूदगी का संकेत देने के लिए भी यूरिन स्प्रे करते हैं। इस तरह गंध के जरिए वे दूसरे चीतों से संपर्क का संकेत पहुंचाते हैं।चीते अक्सर ऊंचे पत्थरों, पेड़ों के तनों और बड़ी झाड़ियों को सेंट मार्किंग के लिए चुनते हैं। इससे हवा के साथ गंध दूर तक फैल सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह व्यवहार क्षेत्र की पहचान और उसकी सीमाओं से जुड़े संकेत देने में मदद करता है।
वन विभाग और कूनो की टीम कर रही निगरानी
वन्यजीव रेंजर देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि छठवें दिन भी चीते का मूवमेंट रीझौनी वनखंड के गुलालपुरा के पास बना हुआ था। वन विभाग के कर्मचारी और कूनो नेशनल पार्क के विशेषज्ञ उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।चीते का रीझौनी के जंगल में लगातार रुकना और शिकार करना उसके इस क्षेत्र में सक्रिय होने का संकेत है। हालांकि, वह यहां स्थायी रूप से टेरेटरी बनाएगा या आगे किसी दूसरे जंगल की ओर बढ़ेगा, यह उसकी आगामी गतिविधियों से ही स्पष्ट होगा।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





