15 अगस्त को दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? लाल किले पर बारिश के आसार
Delhi Weather News: स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली का मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। 15 अगस्त को लाल किले के आसपास आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सुबह बारिश की संभावना सबसे ज्यादा रहेगी।
सुबह बारिश की सबसे ज्यादा संभावना
15 अगस्त की सुबह 4 से 6 बजे के बीच करीब 70 फीसदी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान लगभग 5 मिमी हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद सुबह 6 से 9 बजे के बीच भी बारिश की करीब 60 फीसदी संभावना है।
ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सुबह जल्दी लाल किले पहुंचने वाले लोगों को बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
समारोह के दौरान भी छाए रहेंगे बादल
सुबह के बाद कुछ समय के लिए बारिश से राहत मिल सकती है, लेकिन आसमान में बादल बने रहने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच भी करीब 60 फीसदी बारिश की संभावना बताई गई है। इस दौरान हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।
हालांकि, फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम बताई जा रही है।
32 से 34 डिग्री तक रह सकता है तापमान
15 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बादल और बारिश के चलते मौसम सामान्य दिनों की तुलना में सुहावना रह सकता है।
14 अगस्त को भी कई इलाकों में हुई बारिश
15 अगस्त से एक दिन पहले यानी 14 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 5.2 मिमी, पालम में 8 मिमी, पूसा में 13 मिमी और मेहरौली में करीब 24 मिमी बारिश दर्ज की गई।
ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह में जाने वाले लोगों के लिए छाता या रेनकोट साथ रखना बेहतर रहेगा और घर से निकलने से पहले ताजा मौसम अपडेट जरूर देखना चाहिए।