#राज्य-शहर

भिवाड़ी फैक्ट्री अग्निकांड में चार्टर्ड अकाउंटेंट की मौत, कंपनी मालिक समेत तीन का इलाज जारी

खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी स्थित यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र में रामको मेटल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने एक दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री मालिक के छोटे भाई और चार्टर्ड अकाउंटेंट हरपाल यादव गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं फैक्ट्री मालिक देवेंद्र यादव समेत अन्य घायलों का इलाज जारी है।

ऑयल टैंकर में लगी आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे रामको मेटल फैक्ट्री परिसर में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों और कर्मचारियों के मुताबिक आग सबसे पहले फैक्ट्री की छत पर रखे ऑयल टैंकर में लगी थी।

कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और आग की लपटों से घिर गई।

ऑफिस में मौजूद थे दोनों भाई

हादसे के समय फैक्ट्री मालिक देवेंद्र यादव, उनके छोटे भाई हरपाल यादव और अन्य कर्मचारी कंपनी के कार्यालय में मौजूद थे। आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों को पीछे के दरवाजे और अन्य रास्तों से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोगों ने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई।

गंभीर रूप से झुलसे देवेंद्र और हरपाल

बचाव के दौरान फैक्ट्री मालिक देवेंद्र यादव और उनके भाई हरपाल यादव आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान देर रात हरपाल यादव ने दम तोड़ दिया, जबकि देवेंद्र यादव का इलाज दिल्ली के अस्पताल में जारी है।

अन्य कर्मचारी भी घायल

हादसे में कर्मचारी दिनेश भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका दिल्ली में उपचार चल रहा है। वहीं एक अन्य घायल छतर सिंह का भिवाड़ी के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

पार्षद हैं फैक्ट्री मालिक

देवेंद्र यादव भिवाड़ी यूआईटी सेक्टर-9 के पार्षद भी हैं। हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र के लोगों और परिचितों में चिंता का माहौल है।

चार्टर्ड अकाउंटेंट थे हरपाल यादव

मृतक हरपाल यादव पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वे भिवाड़ी की भगत सिंह कॉलोनी में एक कोचिंग सेंटर भी संचालित करते थे। साथ ही फैक्ट्री के अकाउंट्स और वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी भी संभालते थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वे कंपनी के काम से अपने भाई देवेंद्र यादव से मिलने फैक्ट्री पहुंचे थे। दोनों भाई कार्यालय में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हरपाल यादव का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सेक्टर-9 और आसपास के क्षेत्र के लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जांच जारी

फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमों ने आग पर काबू पाने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में ऑयल टैंकर से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *