#क्राइम #राज्य-शहर

बुदनी सड़क हादसे ने झकझोर दिया: 4 साल के बेटे की मौके पर मौत, मां ने अस्पताल में तोड़ा दम

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को रौंदा

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी-सलकनपुर मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। वर्धमान फैक्ट्री के पास गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपति और उनके चार वर्षीय बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मासूम बेटे तनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी मां प्रीति कीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पिता मनीष कीर का अस्पताल में इलाज जारी है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, रेहटी तहसील के जाजना गांव निवासी 45 वर्षीय मनीष कीर अपनी पत्नी प्रीति कीर (25) और चार वर्षीय बेटे तनीश के साथ बाइक से एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 11 बजे इंदौर-बुदनी सिक्सलेन निर्माण कार्य में लगे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए और मासूम तनीश डंपर की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि प्रीति और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।

मां की ममता ने हर किसी की आंखें नम कर दीं

हादसे के बाद सामने आए वीडियो ने लोगों को भावुक कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रीति कीर अपने बेटे को देखकर लगातार उसे उठने के लिए पुकार रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल होने के बावजूद मां का ध्यान अपने बेटे पर ही था। राहगीरों ने तुरंत घायल दंपति को बुदनी के मधुवन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नर्मदापुरम रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान प्रीति की भी मौत हो गई। मनीष की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने डंपर चालक को किया गिरफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद दर्दनाक था और मासूम बच्चा टक्कर के बाद कई मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया। चालक सुखीराम (50), निवासी जिला कोरबा (छत्तीसगढ़), को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *