STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकमंगलवार, 24 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

भिवाड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय बावरिया गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार; 10 लाख के जेवर बरामद

खैरथल-तिजारा जिले की भिवाड़ी पुलिस ने सवारी वाहनों में महिलाओं के बैग से जेवर चोरी करने वाले कथित अंतरराज्यीय बावरिया गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह की 4 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने के सभी 10 नग जेवर बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल मारुति फ्रोंक्स कार भी जब्त की गई है।

भिवाड़ी पुलिस ने बावरिया गिरोह का किया पर्दाफाश
फोटो: STV NEWS RAJASTHAN

मुख्य बातें

  • भिवाड़ी पुलिस ने बावरिया गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार
  • सवारी टेम्पो में महिलाओं के बैग से चुराते थे जेवर, 10 लाख का माल बरामद
  • 150 CCTV कैमरों की मदद से खुला चोरी का मामला, सभी 10 नग जेवर बरामद

BHIWADI,24 NOV. 2026:

150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

4 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार
STV NEWS RAJASTHAN

पुलिस के अनुसार, सवारी टेम्पो में सफर कर रही एक महिला के बैग से करीब 10 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी हुए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की।टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की गई।

राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में 1200 किलोमीटर तक पीछा

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में करीब 1200 किलोमीटर तक कार्रवाई की। तीन राज्यों में दबिश देने के बाद पुलिस ने सूरतगढ़ और पंजाब से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के सभी 10 नग जेवर बरामद कर लिए गए। वारदात में इस्तेमाल मारुति फ्रोंक्स कार भी जब्त की गई है।

STV वीडियो · YouTube पर देखें

भीड़भाड़ वाले वाहनों में महिलाओं को बनाते थे निशाना

जांच में सामने आया कि गिरोह की महिलाएं भीड़भाड़ वाले सवारी वाहनों में सफर करती थीं। इस दौरान वे दूसरी महिलाओं को निशाना बनाती थीं।भीड़ का फायदा उठाकर उनके बैग से सोने के जेवर और कीमती सामान चोरी कर लिया जाता था। वहीं, गिरोह के पुरुष सदस्य कार लेकर आसपास मौजूद रहते थे। वारदात के बाद सभी आरोपी इसी कार से मौके से फरार हो जाते थे।पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक आरोपी चोरी की वारदातों से मिलने वाली रकम से कार की 17 हजार रुपए मासिक किस्त भी भरता था।

छह दिन में खुलासा, पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

भिवाड़ी एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने छह दिन में मामले का खुलासा करने और चोरी के सभी जेवर बरामद करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है।एसपी ने टीम के सदस्यों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में गिरोह की अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।

पुलिस का पक्ष

4 महिलाओं सहित 6 गिरफ्तार

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।