#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

कोल्ड ड्रिंक देने में देरी पर विवाद, युवक पर कुल्हाड़ी से हमला; गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती

अलवर जिले के खैरथल थाना क्षेत्र के गांव दौलतनगर माजरा में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक देने में हुई देरी के कारण दो ग्राहकों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, दौलतनगर माजरा निवासी कालूराम मेघवाल गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद आकाश यादव ने दुकानदार से कोल्ड ड्रिंक मांगी। बताया जा रहा है कि दुकानदार ताश खेलने में व्यस्त था, जिससे कोल्ड ड्रिंक देने में देर हो गई। इस बात पर आकाश नाराज हो गया। इसी बीच कालूराम ने अपना सामान लेकर निकलने की कोशिश की, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर आकाश यादव अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और कालूराम पर हमला कर दिया। हमले में कालूराम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर खैरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *