अलवर: राधा ज्वेलर्स पर 35 लाख की लूट के विरोध में व्यापारियों का रोष, सोमवार को दो घंटे बंद रखेंगे प्रतिष्ठान…
अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में टेल्को चौराहे के पास स्थित राधा ज्वेलर्स पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हथियारों की नोक पर हुई करीब 35 लाख रुपए की लूट का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। घटना के बाद से व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
लूट की इस वारदात के विरोध में संयुक्त व्यापार महासंघ और जिला व्यापार संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के व्यापारियों ने रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में बैठक कर सोमवार के विरोध कार्यक्रम की रणनीति तय की। निर्णय लिया गया है कि 24 नवंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध दर्ज कराएंगे।
व्यापारी सोमवार सुबह हॉप सर्कस पर इकट्ठा होकर दोपहर 12 बजे जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे।
दरअसल शनिवार दोपहर तीन बदमाश मोहनलाल सोनी ज्वेलर्स की दुकान में घुसे और हथियारों से धमकाकर करीब 35 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व नगदी लूट ले गए। बदमाशों ने दुकान मालिक पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश में छह विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह मेहंदीरता ने कहा कि यह घटना साधारण चोरी नहीं, बल्कि बड़ी डकैती है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटा गया माल बरामद करने की मांग की।
व्यापारी मुकेश विजय ने कहा कि लगातार बढ़ती वारदातों से व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है।
ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने घोषणा की कि सोमवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक सभी ज्वेलरी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे और 11 बजे ज्ञापन सौंपा जाएगा।
व्यापारी नेता रमेश जुनेजा ने टिप्पणी की कि “अलवर में अब उत्तर प्रदेश जैसे हालात बनते जा रहे हैं, पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई देती है।”