#एजुकेशन #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन, दो पारियों में 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल….

अलवर में थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को दो पारियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के लिए कुल 34,405 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से अलवर जिले के 15,107 अभ्यर्थी रविवार को परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 9 बजे बंद कर दिए गए थे, इससे पहले ही अभ्यर्थी समय पर अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचते नजर आए। केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के मेटल से बने सामान बाहर ही जमा करवा लिए गए, जबकि प्रवेश पत्र की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

शहर के एसएमडी स्कूल में प्रथम पारी की परीक्षा के दौरान सुबह 8:25 बजे रोल नंबर सूची चस्पा की गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सीमा शर्मा ने बताया कि सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों को गर्म कपड़े उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जा रहा है, हालांकि मेटल का सामान, बड़े बटन या मोटे कॉलर वाले कपड़ों की जांच कर आवश्यकतानुसार हटवाया जा रहा है।

सुबह 10 बजे परीक्षा शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे समाप्त होगी। वहीं, शहर के सेक्टर-8 स्थित बाल भारती स्कूल सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी अभ्यर्थी समय पर पहुंचे और आवश्यक दस्तावेज दिखाकर प्रवेश किया। परीक्षा केंद्रों के बाहर कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों का सामान रखने की सुविधा 20 रुपये प्रति बैग के हिसाब से उपलब्ध कराकर इसे रोजगार का जरिया बना लिया।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *