#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदा युवक, गंभीर हालत में जयपुर रेफर…

अलवर जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत अलवर रेलवे स्टेशन के समीप रविवार सुबह चलती ट्रेन से एक युवक के कूदने का सनसनीखेज मामला सामने आया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर जीआरपी पुलिस ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार घायल युवक अपना नाम विक्की बता रहा है और खुद को गुजरात का निवासी बता रहा है। फिलहाल उसके साथ कोई परिजन मौजूद नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक अचानक चलती ट्रेन से कूद गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म के पास गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में युवक के पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं सिर में गहरी चोट लगने से उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है, जिससे घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जीआरपी थाना पुलिस युवक की पहचान सुनिश्चित करने और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को घायल युवक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे जीआरपी थाना अलवर से संपर्क करें।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *