#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर: जमीन विवाद में दो भतीजों ने बुजुर्ग चाचा को लाठी-डंडों से पीटा, जिला अस्पताल में भर्ती

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के खरकड़ी चावंड सिंह गांव में जमीन विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो भतीजों ने अपने सगे बुजुर्ग चाचा के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

62 वर्षीय पीड़ित दयाचंद पुत्र स्व. …… निवासी खरकड़ी चावंड सिंह गांव का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार दयाचंद जिस स्थान पर रह रहा है, उस पास की करीब तीन बिस्वा जमीन को उसका सगा भाई खेमचंद और भतीजे हुकम व गुलाब जबरन खाली कराना चाहते हैं। इसी विवाद को लेकर पहले भी कहासुनी और मारपीट हो चुकी है।

बताया गया कि 2 फरवरी की शाम को खेमचंद और उसके दोनों बेटों ने दयाचंद को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमले में उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में पहले उसे राजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पीड़ित की चार बेटियां हैं, जिनमें से दो विवाहित और दो अविवाहित हैं। बड़ी बेटी ममता देवी ने बताया कि घटना के बाद उनके पिता को पुलिस द्वारा राजगढ़ अस्पताल से गांव छोड़ दिया गया था। आरोप है कि पुलिस जीप से छोड़ते समय पुलिसकर्मियों ने पैसों की मांग की, हालांकि बाद में बिना पैसे लिए पुलिस चली गई। परिजनों का कहना है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है और जांच में लगातार टालमटोल की जा रही है।

परिजनों की मजबूरी के चलते घायल दयाचंद को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *