अलवर में दिनदहाड़े शराब ठेके से 28 हजार की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
अलवर।
कोतवाली थाना क्षेत्र में बिजली घर चौराहे के पास पेट्रोल पंप से सटे एक शराब ठेके से दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। एक अज्ञात बालक बेहद शातिर तरीके से शराब ठेके के गल्ले से करीब 28 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सेल्समैन को जब चोरी का पता चला तो उन्होंने बालक का पीछा भी किया, लेकिन तब तक वह बाइक पर बैठकर फरार हो चुका था। घटना के समय ठेके पर ग्राहक भी मौजूद थे, हालांकि सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि किसी ग्राहक ने शोर नहीं मचाया।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। चोरी की गई रकम शराब बिक्री की नकदी बताई जा रही है। इस संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बालक की तलाश में जुट गई है।
सेल्समैन जवाहर सिंह ने बताया “हम लोग खाना खा रहे थे, तभी एक बालक आया और काउंटर के पास खड़ा रहा। गल्ला खुला था, उसने मौका देखकर रुपए निकाल लिए और बाइक से फरार हो गया। सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है।”