अलवर जिला अस्पताल में युवती ने बनाई रील, दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोका
अलवर के जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और ऑब्जर्वेशन वार्ड में रील बनाने का मामला सामने आया है। मंगलवार रात एक युवती दो युवकों के साथ अस्पताल पहुंची और संवेदनशील वार्डों में वीडियो शूट किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई की है। ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। दोनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

मुख्य बातें
- अलवर जिला अस्पताल में युवती ने बनाई रील, दो गार्डों पर गिरी गाज
- ट्रॉमा सेंटर और ऑब्जर्वेशन वार्ड में शूटिंग, दो गार्डों का वेतन रोका
- अस्पताल के संवेदनशील वार्ड में रील शूट, वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई
ALWAR,18 NOV. 2026:
एलईडी लाइट के साथ अस्पताल पहुंची युवती
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे एक युवती सूट-सलवार पहनकर दो युवकों के साथ जिला अस्पताल पहुंची थी। उसके साथ वीडियो शूटिंग के लिए एलईडी लाइट भी थी।युवती ने ट्रॉमा सेंटर के बाहर से दौड़ते हुए अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वह ऑब्जर्वेशन वार्ड की ओर चली गई। इस दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। दूसरा युवक एलईडी लाइट से रोशनी कर रहा था।
वार्ड के अंदर गमगीन होने की एक्टिंग कर बनाई रील
युवती ऑब्जर्वेशन वार्ड के अंदर तक पहुंच गई। वहां उसने गमगीन होने की एक्टिंग करते हुए वीडियो शूट किया।बताया जा रहा है कि अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्र में काफी देर तक शूटिंग चलती रही। लेकिन ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने उन्हें नहीं रोका। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोका
पीएमओ डॉ. पीसी सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए अस्पताल में रील बनाने का वीडियो सामने आया था। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं।दोनों गार्डों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर प्रभारी से पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है।
युवती और साथ आए युवकों की पहचान की जा रही
पीएमओ ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए पुलिस चौकी और कोतवाली थाने को भी सूचना दी गई है।फिलहाल अस्पताल प्रशासन युवती और उसके साथ आए दोनों युवकों की पहचान करने में जुटा है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





