अलवर के फैमिली लाइन इलाके में साइकिल चोरी के आरोप में युवक पकड़ा गया, भीड़ ने पीटा; पुलिस ने समय रहते बचाया…
अलवर शहर के फैमिली लाइन क्षेत्र में साइकिल चोरी के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले फैमिली लाइन इलाके में एक घर के बाहर खड़ी साइकिल अचानक गायब हो गई थी। जब पीड़ित परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक संदिग्ध व्यक्ति साइकिल ले जाता हुआ दिखाई दिया।
इसी संदिग्ध युवक को बुधवार को दोबारा इलाके में देखा गया, जब वह फिर से एक घर के बाहर खड़ी साइकिल लेकर जाने लगा। सतर्क स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान लोगों का गुस्सा उस पर फूट पड़ा और उसे पीट दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अलवर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ से आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि कानून अपने हाथ में लेना गलत है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
वहीं, हिरासत में लिए गए युवक ने बताया कि उसके पास किराए के पैसे नहीं थे, इसलिए वह साइकिल लेकर चला गया। युवक का दावा है कि उसने साइकिल चोरी नहीं की, बल्कि मजबूरी में ली थी और साइकिल उसके गांव में खड़ी है। उसने पुलिस को अपना नाम और गांव का पता भी बताया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान और आरोपी के दावों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में हुई साइकिल चोरी की घटना में शामिल था या नहीं।