अलवर सहकारी समिति चुनाव निर्विरोध, संजय नरूका अध्यक्ष बने
अलवर क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गए। निर्वाचन अधिकारी लोकेंद्र कुमार के अनुसार 13 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसमें कुल 11 संचालक मंडल सदस्य निर्विरोध चुने गए। इनमें 5 व्यक्तिगत सदस्य और 6 सदस्य विभिन्न सहकारी समितियों से निर्वाचित हुए।
सभी 11 सदस्यों ने सर्वसम्मति से संजय सिंह नरूका को अध्यक्ष और लक्ष्मी नारायण को उपाध्यक्ष चुना। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सागवान और पूर्व विधायक जयराम जाटव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया।
नवनियुक्त अध्यक्ष संजय सिंह नरूका ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि रहेंगे और उन्हें समय पर उर्वरक व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को प्राथमिकता दी जाएगी।
निर्वाचित संचालक सदस्यों में बरखेड़ा से तीजो मीना, सालपुर से फखरुद्दीन, अकबरपुर से महेश गुर्जर, रतनगढ़पाला से मुकेश गुर्जर, मालाखेड़ा से सुरेश चंद्र व्यास, कलसाड़ा से हरिराम चौधरी तथा व्यक्तिगत सदस्यों में रामदयाल सैनी, शीला देवी और शांति सैनी शामिल हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने भी नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इसे भी पढ़ें – करौली सड़क हादसा: गाय से बचने की कोशिश बनी जानलेवा, ट्रक की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत