किशनगढ़बास में ACB की बड़ी कार्रवाई: बिजली विभाग का हेल्पर 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेवीवीएनएल के किशनगढ़बास ग्रामीण कार्यालय में तैनात हेल्पर संदीप को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर अलवर प्रथम चौकी की टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर पर बिजली लाइन से तार डालने के मामले में विजिलेंस टीम जांच के लिए पहुंची थी। 5 मई 2026 को संदीप, लाइनमैन और एईएन ने मौके पर पहुंचकर फोटो लिए और वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) भर दी। यह वीसीआर परिवादी के साथ उसके भाई और भतीजे के नाम से भी बनाई गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस वीसीआर को दबाने और कार्रवाई से बचाने के बदले संदीप ने 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत नहीं देने पर लगातार परेशान किया जा रहा था। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में आरोपी 25 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।
इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। उप महानिरीक्षक भुवन भूषण के सुपरविजन में, एसीबी अलवर प्रथम चौकी प्रभारी शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।