अलवर में थाने के बाहर खड़ी टूरिस्ट बस पर पथराव, शीशा तोड़कर फरार हुए असामाजिक तत्व…
अलवर शहर में गुरुवार देर रात असामाजिक तत्वों ने टूरिस्ट ट्रेवल्स की एक बस को निशाना बनाते हुए उसके शीशे तोड़ दिए। इस संबंध में बस मालिक डालचंद ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना अखैपुरा थाना क्षेत्र की है। डालू टूर ट्रेवल्स के संचालक डालचंद ने बताया कि उन्होंने गुरुवार दिन में अपनी एक टूरिस्ट बस थाने के बाहर खड़ी की थी, जिसकी शुक्रवार सुबह बुकिंग थी। शुक्रवार सुबह जब ड्राइवर बस लेने पहुंचा तो देखा कि बस का पीछे का पूरा शीशा टूटा हुआ था। मौके पर पत्थर भी पड़े मिले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जानबूझकर पत्थर मारकर शीशा तोड़ा गया।
शीशा टूटने के कारण बस को बुकिंग पर नहीं भेजा जा सका, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। डालचंद ने बताया कि उनका टूरिस्ट ट्रेवल्स का व्यवसाय है और उनके पास कई बसें हैं। एक बस थाने के बाहर खड़ी थी, जबकि अन्य बसें उनके घर के बाहर खड़ी थीं। उनका घर भी थाने के पास ही स्थित है।
थाने के बाहर इस तरह की घटना से क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। बस संचालक ने आशंका जताई है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।