सरिस्का टाइगर रिजर्व में भीषण आग, 2 हेक्टेयर जंगल जलकर खाक, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
अलवर जिले के सरिस्का टाइगर रिजर्व की टहला रेंज में तालाब के पास स्थित जहाज वाले जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 2 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले पेड़-पौधे जलकर राख हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके बाद वन विभाग के लगभग 15 कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
वनकर्मी कृष्ण कुमार के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में वनकर्मियों और ग्रामीणों ने पेड़ों की डालियों से झाड़-झाड़कर करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि जंगल में पशु चराने आने वाले लोग बीड़ी या सिगरेट जलाकर छोड़ देते हैं, जिससे आग फैलने की आशंका रहती है। गौरतलब है कि पिछले साल भी इसी क्षेत्र में आग लगने की घटना सामने आई थी।