संस्कार, सेवा और अनुशासन का संगम: भारत विकास परिषद अरावली का बाल संस्कार शिविर सम्पन्न
समाचार:
“देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें… औरों का भी हित हो जिसमें, हम ऐसा कुछ करना सीखें” — इन प्रेरणादायी पंक्तियों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रदेवो भव: की भावना के साथ भारत विकास परिषद अरावली शाखा द्वारा आयोजित बाल संस्कार शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
3 मई से प्रारंभ होकर 8 मई तक चले इस शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविर में बच्चों को हनुमान चालीसा के पाठ की प्रेरणा देने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपाय सिखाए गए। इसके अलावा “दर्पण सजाने” जैसे रचनात्मक कार्यों से लेकर “माँ के प्रति प्रेम व्यक्त करने” हेतु विशेष कार्ड बनाने की गतिविधियाँ भी करवाई गईं।
बच्चों को “ॐ” के उच्चारण का सही समय और महत्व समझाया गया, वहीं मिल-बाँटकर खाने की भावना को व्यवहारिक रूप में सिखाया गया। मनोरंजन के साथ-साथ अनुशासन का महत्व भी समझाया गया। टीमवर्क, जीत का महत्व और हार में भी मुस्कुराने की कला जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों को सरल तरीके से बच्चों तक पहुँचाया गया। शिविर के दौरान बच्चों को गौशाला में चारा डालने जैसी सेवा गतिविधियों से भी जोड़ा गया, जिससे उनमें सेवा भाव विकसित हो।
इस वर्ष शिविर का सफल संचालन कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती मंजू चौधरी जी के सानिध्य में हुआ। शिविर में श्रीमती सुमन अग्रवाल, सुश्री कीर्ति भटनागर, श्रीमती साध्वी खंडेलवाल एवं श्रीमती योगिता डाटा द्वारा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में सचिव श्रीमती अणिमा गुप्ता सहित श्रीमती प्रिया खंडेलवाल, श्रीमती सुनीता गुप्ता, श्रीमती सरिता, श्रीमती दीप्ति खंडेलवाल एवं श्रीमती वेणु अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष सुनील खंडेलवाल, प्रांतीय संयोजक मधुर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल सहित परिषद के अनेक सदस्यों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। शिविर में कुल 40 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन अवसर पर परिषद के अध्यक्ष सीताराम गुप्ता ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए इसे संस्कार निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया
यह शिविर सार्वजनिक गौशाला, स्टेशन रोड, अलवर में आयोजित किया गया, जिसने बच्चों के मन में संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति के बीज बो दिए। यह जानकारी गिरीश गुप्ता द्वारा दी गई ।