अलवर वार्ड 10 में निगम की कार्रवाई पर बवाल, गरीब महिला की दीवार हटाने पर लोगों का विरोध
अलवर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में गुरुवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब नगर निगम की टीम एक गरीब महिला के घर की दीवार को अतिक्रमण बताकर हटाने के लिए जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और निगम टीम का जोरदार विरोध किया।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जिस स्थान पर महिला की दीवार हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, उसके समीप स्थित जोहड़ क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि प्रभावशाली अतिक्रमणकर्ताओं पर कार्रवाई करने के बजाय निगम द्वारा एक गरीब महिला को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
विरोध बढ़ने पर स्थानीय नागरिक नगर निगम कार्यालय पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। नागरिकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक जल स्रोत जोहड़ पर हो रहे अतिक्रमण को हटाना नगर निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए, न कि किसी गरीब महिला के मकान की दीवार को तोड़ना।
नगर निगम अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि फिलहाल दीवार हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है। साथ ही महिला से संबंधित दस्तावेज निगम कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है, ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद कार्रवाई तो स्थगित कर दी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का आक्रोश अभी भी बना हुआ है। नागरिकों ने निर्णय लिया है कि मामले को लेकर रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं खुलकर रखेंगे। इसके बाद जिला कलेक्टर से मिलकर जोहड़ पर अतिक्रमण और निगम की कार्रवाई में कथित भेदभाव को लेकर शिकायत दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल वार्ड संख्या 10 में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।