दिल्ली रैली में भीड़ जुटाने को अलवर में कांग्रेस की रणनीति मीटिंग, नेताओं का आरोप—‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन देशव्यापी
अलवर। दिल्ली में 14 दिसंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली को सफल बनाने के लिए अलवर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अम्बेडकर नगर स्थित कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से अलवर से सर्वाधिक संख्या में शामिल होकर दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देशभर से लाखों कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाने की इस रैली में जुटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज गांव-ढाणी तक ऐसा माहौल बन गया है कि किसी को भी चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं रह गया है।
उनका कहना था कि मतदाता को यह भरोसा नहीं कि उसका वोट किसे जा रहा है और ग्रामीणों का मशीनों पर विश्वास खत्म हो चुका है। राहुल गांधी ने भी वोट चोरी को लेकर तथ्य उजागर किए हैं, लेकिन चुनाव आयोग इसे मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है, इसलिए देशभर में विरोध की लहर है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बताया कि दिल्ली में होने वाली इस रैली में देशभर से लाखों नागरिक और कार्यकर्ता पहुंचने वाले हैं। अलवर सहित राजस्थान से पचास हजार से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। राहुल गांधी ने वोट चोरी के तथ्य देश के सामने रखे हैं, लेकिन चुनाव आयोग उस पर भी ध्यान नहीं दे रहा।
टीकाराम जूली ने कहा कि अब जनता खुद इस मुद्दे पर आवाज उठा रही है।