#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर के शिव कॉलोनी में सूने मकान पर चोरी, चार अज्ञात चोर बाइक व नकदी ले उड़े

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित शिव कॉलोनी में शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। इलाके में स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चार अज्ञात चोर घर के अंदर घुसे और बाइक, मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद तथा नई जैकेट चोरी कर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

रविवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के टूटे हुए ताले देखे तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार मौके पर पहुंचा और कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश शुरू कर दी।

मकान मालिक जितेंद्र राजपूत ने बताया कि वे हेवल्स कंपनी में ऑपरेटर पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को उनकी नाइट शिफ्ट थी जबकि उनकी पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पड़ोसी चौधरी ईश्वर सिंह नेहरा ने बताया कि जब उन्होंने सुबह गेट का टूटा हुआ ताला देखा, तो तुरंत जितेंद्र को फोन कर सूचना दी। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है, लेकिन घटना के बाद से अब तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों अज्ञात चोरों की तलाश में लगी है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *