रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट के दो कर्मचारियों पर हमला, 3 लाख रुपये व सोने की चेन लूटकर फरार
रैणी क्षेत्र में रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट में काम करने वाले दो कर्मचारियों पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर लूटपाट कर दी। पीड़ित मनीष चौहान निवासी जामनगर (गुजरात) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने एक साथी के साथ फोर व्हीलर से जा रहे थे।
करणपुरा–भीटोली अंडरपास से निकलते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनका पीछा करने लगे। करणपुरा रेलवे फाटक पर हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोक ली और शीशे तोड़कर मारपीट शुरू कर दी। दोनों किसी तरह गाड़ी बढ़ाकर वहां से निकले, लेकिन मुडिया रेलवे फाटक नंबर 92 पर फाटक बंद मिलने के कारण उन्हें रुकना पड़ा।
इस दौरान 4–5 बाइक पर सवार 10–15 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में मनीष चौहान के चेहरे पर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पर उनके साथी के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गया।
हमलावर कार के शीशे तोड़कर उसमें रखे 3 लाख रुपये और मनीष की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रैणी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को रैणी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।