आरपीएस आनंद राव की खाटूश्यामजी में पोस्टिंग पर भड़के बालकनाथ, सीएम को पत्र लिख कहा— ‘कार्यशैली पार्टी विरोधी, चार्जशीट का रूपांतरण दोबारा हो’
अलवर. खाटूश्यामजी में आरपीएस अधिकारी आनंद राव को डीएसपी पद पर नियुक्त किए जाने पर विधायक महंत बाबा बालकनाथ ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि राव को किसी भी सर्कल में वृत्ताधिकारी (डीएसपी) के पद पर नियुक्त न किया जाए।
बालकनाथ ने पत्र में उल्लेख किया कि हाल ही में राव का तबादला सहायक कमांडेंट, 5वीं बटालियन आरएसी जयपुर से खाटूश्यामजी डीएसपी के रूप में किया गया है। अपने सांसद कार्यकाल के दौरान राव बहरोड़ में डीएसपी थे, जहां दोनों के बीच 2023 में तीखी नोकझोंक हुई थी। उसी दौरान राव के खिलाफ 16 सीसी की चार्जशीट प्रस्तावित की गई थी, जिसे बाद में 17 सीसी में परिवर्तित कर दिया गया।
विधायक बालकनाथ ने आरोप लगाया कि आनंद राव की कार्यशैली आमजन व भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति पक्षपातपूर्ण और पार्टी विरोधी रही है। उन्होंने मांग की है कि राव के खिलाफ दर्ज 17 सीसी की चार्जशीट को फिर से 16 सीसी में बदला जाए और उन्हें किसी भी सर्कल में डीएसपी पद पर नियुक्त न किया जाए।
गौरतलब है कि बहरोड़ में पूर्व सांसद रहते बालकनाथ और डीएसपी रहे आनंद राव के बीच एक विवाद हुआ था, जिसमें बालकनाथ ने नाराजगी जताते हुए कहा था— “मेरा नाम याद रखना… मैंने तीन लोगों की लिस्ट बनाई हुई है।” इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था।