टीकाराम जूली के 45वें जन्मदिन पर अलवर जुटे कांग्रेस के दिग्गज; डोटासरा का भाजपा सरकार पर तीखा हमला
अलवर।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के 45वें जन्मदिन के अवसर पर अलवर में कांग्रेस के कई बड़े नेता पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित दिग्गज नेताओं ने जूली को बधाई दी। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
डोटासरा ने कहा कि अंता उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा को आईना दिखा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘2028 का सेमीफाइनल’ वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “हमारे दो साल के काम भाजपा के पांच साल पर भारी पड़े, और जनता ने इसका साफ जवाब दे दिया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को खाद-यूरिया नहीं मिल रही, न ही बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारू है।
इसके साथ ही डोटासरा ने दावा किया कि “2028 में राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनेगी और 2029 में केंद्र में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। अलवर के भंवर जितेंद्र सिंह कैबिनेट मंत्री बनेंगे।”
टीकाराम जूली की कार्यशैली की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि जूली ने विधानसभा में सरकार को कई मुद्दों पर घेरा और भाजपा नेताओं की बोलती बंद कर दी। डोटासरा ने कहा कि फरवरी में विधानसभा सत्र में भी कांग्रेस भाजपा को करारा जवाब देगी।