#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #सोशल

अलवर: विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य पर 57 बीएलओ सम्मानित…

अलवर, 25 नवम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा करने वाले 57 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बीएलओ से उनके अनुभव साझा करने के लिए कहा और उत्कृष्ट कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिगणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य बीएलओ द्वारा पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन 57 बीएलओ ने समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए सौ फीसदी डिजिटाइजेशन पूरा किया है, वे अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि इस पहल का सकारात्मक असर मैदान में स्पष्ट दिख रहा है। सम्मानित बीएलओ के कार्य से प्रेरित होकर अन्य बीएलओ भी अधिक गंभीरता और दक्षता के साथ अपने दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ से आह्वान किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्य बीएलओ को भी इस प्रक्रिया में सहयोग दें, ताकि जिले में एसआईआर कार्य सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।

उन्होंने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग ने पूर्व विशेष पुनरीक्षण की मतदाता सूची में साधारण जानकारी के आधार पर नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध करवाई है, जिससे मतदाताओं को अपना नाम ढूंढने और परिगणना प्रपत्र भरने में आसानी होगी। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध है। मतदाता https://voters.eci.gov.in/
पर जाकर या दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन अपना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान चुनाव शाखा के अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *