प्रेम विवाह से नाराज होकर युवक का अपहरण, 5 आरोपी बापर्दा गिरफ्तार…
वैशाली नगर थाना पुलिस ने प्रेमिका से शादी करने वाले एक युवक को अगवा कर बंधक बनाने और उसे जान से मारने की नीयत से किए गए हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 5 बदमाशों को बापर्दा गिरफ्तार किया और आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया।
थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि 12 नवंबर 2025 को पीड़ित के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा रास्ते से 4–5 अज्ञात युवकों द्वारा उठाकर ले जाया गया। बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और मृत समझकर वहीं फेंककर फरार हो गए। युवक गंभीर हालत में मिला जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार मॉनिटरिंग, तकनीकी सर्विलांस और खुफिया पड़ताल के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में पता चला कि युवक का अपनी प्रेमिका के साथ प्रेम विवाह करना ही इस हमले की मुख्य वजह थी।
पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की गई है।
थाना प्रभारी सैनी ने कहा कि पुलिस अब इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जा सके।