अलवर से बड़ी खबर: शादी में आया हरियाणा पुलिस का कांस्टेबल , सड़क हादसे में हुई मौत…
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के समोला चौक पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें हरियाणा पुलिस का एक कांस्टेबल अपनी जान गंवा बैठा। मृतक की पहचान रामकिशोर पुत्र लल्लूराम, निवासी सरेटा, तिजारा के रूप में हुई है। वह हरियाणा के नूंह जिले में कांस्टेबल के पद पर तैनात था और अलवर में अपने परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने आया था।
अरावली विहार थाना के एएसआई शंकर लाल ने बताया उन्हें सूचना मिली कि समोला चौक पर बाइक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक पिकअप चालक मौके से फरार हो चुका था।
गंभीर रूप से घायल रामकिशोर को 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और सहकर्मियों में मातम पसर गया।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एएसआई शंकर लाल ने बताया कि फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान जल्द की जा सके।