जीडी कॉलेज में 28 लाख की लागत से आधुनिक आईसीटी लैब का उद्घाटन, बालिकाओं को मिलेगा तकनीकी शिक्षा का लाभ
अलवर, 8 अक्टूबर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने बुधवार को गौरी देवी महिला महाविद्यालय (जीडी कॉलेज) में 28 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक आईसीटी लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में खेल मैदान सहित अन्य प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा
संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल संसाधनों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा के तहत राज्य के महाविद्यालयों में आईसीटी लैब के निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत जीडी कॉलेज में यह लैब तैयार की गई है।
अलवर में ई-लाइब्रेरी और खेल सुविधाओं का विस्तार
उन्होंने कहा कि अलवर शहर में नवीन कन्या महाविद्यालय का कार्य भी प्रगतिरत है। केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में अलवर संसदीय क्षेत्र में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा छात्राओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सीएसआर फंड से इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी कराया जा रहा है।
ऑडिटोरियम और गर्ल्स हॉस्टल के विकास पर जोर
मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण और गर्ल्स हॉस्टल के जीर्णोद्धार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान और डिजिटल दक्षता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त आईसीटी लैब छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण, रचनात्मकता और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।
आईसीटी लैब में 21 कंप्यूटर और इंटरएक्टिव पैनल
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यभान यादव ने बताया कि 28 लाख रुपए की लागत से तैयार आईसीटी लैब में इंटरएक्टिव पैनल के साथ 21 कंप्यूटर लगाए गए हैं। डिजिटल संसाधनों के उपयोग से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, रचनात्मकता, नवाचार और शोध कौशल को बढ़ावा मिलेगा।
जनप्रतिनिधि और छात्राएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में महापौर सुमनलता अग्रवाल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, उप महापौर अजय कुमार, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।