सिलीसेढ़ झील के पास दुकान में घुसा मगरमच्छ, चारपाई के नीचे देखा तो मचा हड़कंप
अलवर। सिलीसेढ़ झील के पास बख्तपुरा बावड़ी स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के अंदर अचानक मगरमच्छ घुस आया। दुकान में मौजूद लोग उस समय चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति की नजर चारपाई के नीचे पड़ी तो वहां मगरमच्छ दिखाई दिया। उसे देखते ही दुकान में मौजूद सभी लोग घबराकर बाहर निकल आए।
चारपाई के नीचे दिखाई दिया मगरमच्छ
जानकारी के अनुसार बख्तपुरा बावड़ी स्टैंड पर नवनिर्मित दुकान के अंदर चरण सिंह, जगत सिंह, उमेश, राजा और ऋषि सो रहे थे। इसी दौरान चरण सिंह की नजर चारपाई के नीचे गई।चारपाई के नीचे मगरमच्छ दिखाई देते ही सभी के होश उड़ गए। लोग तुरंत चारपाई छोड़कर दुकान से बाहर निकल आए। मगरमच्छ काफी उत्तेजित नजर आ रहा था। इसके चलते कुछ समय तक आसपास दहशत का माहौल बना रहा।
सरियों की मदद से बाहर निकालने की कोशिश
मगरमच्छ दुकान के अंदर ही छिपा रहा। इसके बाद आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाई और उसे बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।लोगों ने सरियों की मदद से मगरमच्छ को दुकान से बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ दुकान से बाहर आ गया। इसके बाद लोगों ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया।
खेत में छोड़ा गया मगरमच्छ
दुकान से बाहर निकालने के बाद मगरमच्छ को लोगों ने सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बाद में उसे पास के खेत में छोड़ दिया गया।घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुकान के अंदर मगरमच्छ पहुंचने की घटना को देखकर लोग हैरान नजर आए। कुछ समय तक इलाके में इसी घटना की चर्चा होती रही।
नदी और झील के पानी से पहुंचने का अनुमान
स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर नदी मौजूद है। इसके अलावा इसी क्षेत्र से सिलीसेढ़ झील का पानी भी आता है।लोगों का अनुमान है कि मगरमच्छ पानी वाले क्षेत्र से निकलकर दुकान तक पहुंचा होगा। हालांकि, वह दुकान के अंदर किस रास्ते से पहुंचा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
दुकानों और आबादी के पास मगरमच्छ की आवाजाही से चिंता
सिलीसेढ़ क्षेत्र में पानी के आसपास मगरमच्छों की मौजूदगी पहले भी देखी जाती रही है। लेकिन आबादी और दुकानों के इतने करीब मगरमच्छ पहुंचने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही पानी वाले इलाकों के आसपास मगरमच्छों की आवाजाही को लेकर लोगों को सतर्क करने की अपील की गई है।