कोटा में खाली प्लॉट में मिली महिला की लाश का खुलासा, देवर पर हत्या का केस; पति की मौत के बाद साथ रह रही थी
कोटा। अनंतपुरा थाना क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में खाली भूखंड में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की पुष्टि की है। महिला का शव 28 सितंबर को पानी भरे प्लॉट से मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। जांच में मृतका की पहचान उड़ीसा निवासी मति उर्फ निशा के रूप में हुई है। महिला अपने पति की मौत के बाद कुछ समय के लिए पीहर चली गई थी। बाद में उसका देवर उसे कोटा लेकर आया था। दोनों क्रेशर बस्ती में साथ रह रहे थे। महिला की मौत के बाद से उसका देवर देवा फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पानी भरे खाली प्लॉट में मिला था शव
28 सितंबर को क्रेशर बस्ती के पास एक खाली भूखंड में पानी भरा हुआ था। इसी पानी में महिला का अर्धनग्न शव मिला था। सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या का निकला। महिला के गले की हड्डी टूटी हुई मिली। इससे गला दबाने की आशंका को बल मिला।
हाथ पर लिखे अक्षरों से भी पहचान की कोशिश
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने कई स्तर पर जांच की। मृतका के हाथ पर ‘एमडी’ लिखा हुआ था। पुलिस ने इसे भी पहचान से जोड़कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया।इसके अलावा आसपास की बस्तियों और क्षेत्र में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने क्रेशर बस्ती में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की। इसी दौरान मति उर्फ निशा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।जांच में पता चला कि महिला कुछ समय से अपने देवर के साथ क्रेशर बस्ती में रह रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। परिजनों के जरिए मृतका की पहचान की पुष्टि की गई।
2018 में हुई थी महिला की शादी
पुलिस के अनुसार मति उर्फ निशा मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2018 में कनवास थाना क्षेत्र के निवासी रवि के साथ हुई थी। दोनों का छह साल का बच्चा भी है।करीब पांच महीने पहले महिला के पति रवि की अचानक मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद मति अपने बच्चे के साथ उड़ीसा स्थित मायके चली गई थी। इसके बाद करीब तीन महीने पहले उसका देवर देवा उड़ीसा पहुंचा।बताया जा रहा है कि देवा महिला को अपने साथ रखने के लिए कोटा लेकर आया था। इसके बाद दोनों अनंतपुरा क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में रहने लगे।
महिला की मौत के बाद देवर हुआ फरार
महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान देवर देवा की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार महिला की मौत के बाद से देवा फरार है।मृतका के भाई और पिता की शिकायत के आधार पर अनंतपुरा थाना पुलिस ने देवा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है। महिला और उसके देवर के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी हत्या हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में वारदात की वजह सामने आ सकती है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
कोटा शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से महिला की हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी देवा के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह, वारदात की पूरी परिस्थितियां और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका का खुलासा होने की उम्मीद है।