#राज्य-शहर #सोशल #हेल्थ न्यूज़

अलवर में त्योहारों से पहले मिलावट पर वार, 40 किलो इल्लियों वाला आटा नष्ट; कई खाद्य पदार्थों के सैंपल

त्योहारों से पहले अलवर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जिलेभर में रेस्टोरेंट, चाय स्टॉल, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी अभियान में अस्पतालों के आसपास कई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 40 किलो पुराना और इल्लियों लगा आटा मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं पनीर, कोल्ड कॉफी और घी समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।

24 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान

खाद्य विभाग की ओर से प्रदेशभर में 24 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी और निजी अस्पतालों के अंदर तथा आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को खाद्य सामग्री की जांच के साथ दुकानदारों को जरूरी दिशा-निर्देश देने के निर्देश हैं।

160 फीट रोड पर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

अलवर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 160 फीट रोड पर खंडेलवाल हॉस्पिटल और गोयल हॉस्पिटल के आसपास स्थित चाय स्टॉल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा खाद्य लाइसेंस को दुकान पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए भी कहा गया।

अस्पतालों के आसपास लिए गए चार सैंपल

अंबेडकर नगर स्थित कल्पेश हॉस्पिटल, मनोहर हॉस्पिटल और CLS हॉस्पिटल के आसपास भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।इस दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने चार खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री को खुले में नहीं रखने के निर्देश दिए गए।

40 किलो इल्लियों वाला आटा मौके पर नष्ट

कल्पेश हॉस्पिटल के सामने कनिष्का जनरल स्टोर पर निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई।दुकान में प्लास्टिक के तीन कट्टों में करीब 40 किलो पुराना और इल्लियों लगा आटा रखा मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया।दुकान में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके चलते संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।

फास्ट फूड दुकानों और रेस्टोरेंट की भी जांच

जेल सर्किल और शुभम हॉस्पिटल व मेडिकल कॉलेज के आसपास संचालित फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।क्रॉस प्वाइंट मॉल स्थित मिस्टर चॉप शॉप से सर्विलांस के तहत पनीर का सैंपल लिया गया। साफ-सफाई को लेकर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस भी दिया गया।

मिठाई दुकान और सोडा-सॉफ्टी शॉप से सैंपल

गायवाला मोहल्ला स्थित एक मिठाई की दुकान से पनीर का नमूना लिया गया। वहीं शहीद स्मारक के सामने कंपनी बाग रोड स्थित सोडा-सॉफ्टी शॉप से शिकायत के आधार पर कोल्ड कॉफी का सैंपल लिया गया।शिव कॉलोनी, 160 फीट रोड स्थित गणपति कॉर्नर जनरल स्टोर से भी घी का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।

सभी सैंपल लैब भेजे गए

खाद्य विभाग की ओर से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दुकानदारों को दिए गए जरूरी निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।दुकानदारों से खाद्य सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और वैध खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने को कहा गया है। विभाग ने आगे भी जांच जारी रखने की बात कही है।

त्योहारों से पहले मिलावट पर विभाग की नजर

त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध से बने उत्पाद, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज किया है।सीएमएचओ अलवर डॉ. योगेन्द्र शर्मा के अनुसार, अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुसार आगे कार्रवाई होगी।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *