जज के अलवर स्थित मकान में दिनदहाड़े चोरी, जंगला-कुंडे तोड़कर घुसे चोर; केयरटेकर का आधार कार्ड भी ले गए
अलवर। राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के न्यायाधीश भुवन गोयल के अलवर स्थित मकान को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। आर्यनगर स्थित मकान में चोर जंगला, दरवाजे का कुंडा और छत की ओर जाने वाले जीने का दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए। चोर घर से पीतल के कीमती बर्तन, नकदी और अन्य सामान के साथ मकान की देखरेख करने वाले एडवोकेट जगदीश सैनी का आधार कार्ड भी चोरी कर ले गए।
मामले में एडवोकेट जगदीश सैनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2009 से न्यायाधीश भुवन गोयल के पिता स्वर्गीय बाबूलाल गोयल एडवोकेट के साथ वकालत कर रहे थे। उनके निधन के बाद से वह गोयल परिवार के अलवर स्थित कार्यालय और मकान की देखरेख कर रहे हैं। न्यायाधीश भुवन गोयल वर्तमान में जयपुर में रहते हैं और समय-समय पर अपनी मां के साथ अलवर स्थित घर आते हैं।
जगदीश सैनी के अनुसार, वह रोजाना सुबह-शाम कार्यालय में बैठते हैं। 22 सितंबर की सुबह वह कोर्ट स्थित अपने कार्यालय चले गए थे। शाम करीब चार बजे जब वह वापस मकान पर पहुंचे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर जंगले के दरवाजे का कुंडा और ऊपर जीने के दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ मिला। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से मकान में दाखिल हुए।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिली, जिसके आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को डिटेन किया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी गए सामान और नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और मकान की रेकी कब की गई थी। पुलिस ने शाम तक मामले का खुलासा करने की बात कही है।