#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में कबाड़ी की दुकान पर मिला खतरनाक बायो वेस्ट, अस्पतालों पर गंभीर सवाल

अलवर के अंबेडकर नगर में मुख्य सड़क के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर छापेमारी के दौरान एक टन से अधिक खतरनाक बायो मेडिकल वेस्ट बरामद हुआ है। यहां खून से भरी थैलियां, इस्तेमाल की गई सिरिंज, निडिल, ग्लूकोज की बोतलें और यूज्ड ग्लव्स खुले में पड़े मिले, जिससे इलाके में संक्रमण फैलने का बड़ा खतरा बन गया है।

शनिवार को बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट की टीम ने सम्राट नाम के कबाड़ी की दुकान पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि शहर के अस्पतालों का कचरा निर्धारित प्लांट में भेजने के बजाय सीधे डंपिंग यार्ड या कबाड़ियों को बेचा जा रहा है। टीम ने मौके से पूरे कचरे को जब्त कर लिया है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यहां अक्सर बायो वेस्ट से खून टपकता दिखाई देता है और बदबू के कारण काम करना मुश्किल हो गया है। पड़ोसी दुकानदार राजेश के अनुसार, करीब 15 दिन पहले यहां काम करने वाली एक महिला गंभीर रूप से बीमार हो गई थी, जबकि मच्छरों के कारण त्वचा पर फफोले जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।

बायो वेस्ट प्लांट के विशेषज्ञ अरविंद सिंह ने बताया कि यह बेहद खतरनाक स्थिति है। संक्रमित मरीज की इस्तेमाल की गई एक निडिल भी किसी को चुभ जाए तो गंभीर संक्रमण हो सकता है, यहां तक कि अंग काटने की नौबत आ सकती है। वहीं आईटी ऑपरेटर तरुण कुमार ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि ऐसे कचरे के संपर्क में रहने से सांस और त्वचा संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि कचरा उठाने वाले वाहन अस्पतालों का बायो वेस्ट सीधे कबाड़ियों तक पहुंचा रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की शिकायत सीएमएचओ और अलवर कलेक्टर को दी गई है, और संबंधित अस्पतालों व कबाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *