भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड: चौथे दिन भी आरोपी गिरफ्त से दूर, न्याय की मांग पर अड़े परिजन
राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट क्षेत्र में हुए भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड को चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना लगातार जारी है। परिजन और ग्रामीण स्पष्ट कर चुके हैं कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश बना हुआ है।
धरना स्थल पहुंचे कलेक्टर और एसपी, लोगों ने मांगी प्रोग्रेस रिपोर्ट
धरने के चौथे दिन जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह स्वयं धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें जांच की जानकारी देने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से अब तक की जांच की प्रगति पर सवाल उठाए और आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कई पुलिस टीमें जांच में जुटीं, लेकिन आरोपी अब भी फरार
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच जारी है।
न्याय की मांग पर अड़े लोग, कई जिलों से पहुंच रहे समर्थक
जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर चल रहे धरने में लोहावट, फलोदी, जोधपुर सहित आसपास के कई क्षेत्रों से लोग लगातार पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरने में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर पीड़ित परिवार के प्रति समर्थन जता रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वर नगर में घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय भंवरी देवी विश्नोई की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हमले के दौरान अपनी मां को बचाने पहुंची 16 वर्षीय बेटी पर भी कई वार किए गए, जबकि 10 वर्षीय छोटी बेटी भी घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल किशोरी का जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतका के परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।