#क्राइम

महाराष्ट्र विधान परिषद उपसभापति के घर करोड़ों की चोरी, 24 साल पुराने नौकर पर आरोप

वर्ली स्थित आवास से 2.65 करोड़ के गहने चोरी का मामला

मुंबई में महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में उनके पुराने घरेलू सहायक प्रवीण रमेश सोलंकी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने लंबे समय तक घर में काम करने का फायदा उठाकर धीरे-धीरे कीमती सामान और गहने चोरी किए। पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 2.65 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

24 साल से कर रहा था घर में काम, अब लगा चोरी का आरोप

गिरफ्तार आरोपी प्रवीण सोलंकी करीब 24 वर्षों से सचिन अहीर के घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को घर की गतिविधियों और कीमती सामान की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुछ चोरी किए गए आभूषण बेचने और उससे मिली रकम अपने फरार साथियों के बीच बांटने की बात स्वीकार की है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

कोर्ट ने 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा

मुंबई पुलिस ने आरोपी प्रवीण सोलंकी को एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने अदालत से उसकी हिरासत मांगी ताकि चोरी हुए आभूषण बरामद किए जा सकें और मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। कोर्ट ने आरोपी को 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। वहीं आरोपी के वकील ने अदालत में दावा किया कि प्रवीण सोलंकी को झूठे मामले में फंसाया गया है और वह निर्दोष है।

धीरे-धीरे गायब हो रहे थे लाखों के गहने

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घर से पिछले करीब पांच वर्षों से धीरे-धीरे कीमती सामान गायब हो रहे थे। चोरी हुए सामान में करीब 15 लाख रुपये कीमत के 100 ग्राम सोने के बिस्कुट, लगभग 45 लाख रुपये की दो हीरे जड़ी सोने की चूड़ियां और करीब 50 लाख रुपये कीमत की एक अन्य डायमंड चूड़ी सहित कई महंगे आभूषण शामिल हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घरेलू कर्मचारियों से पूछताछ की।

अन्य कर्मचारियों पर भी पुलिस की नजर

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को घर में काम करने वाले कुछ अन्य कर्मचारियों की गतिविधियां भी संदिग्ध लगी हैं। पुलिस को सतीश कुमार मिस्त्री और अमितकुमार प्रसाद नाम के दो अन्य घरेलू सहायकों की संपत्तियों को लेकर भी जानकारी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, मामूली वेतन के बावजूद दोनों द्वारा हाल में संपत्ति खरीदने की जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया।

आग और नशीला पदार्थ देने के एंगल से भी जांच

पुलिस इस मामले में कई अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। अक्टूबर 2025 में घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग की घटना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना का इस्तेमाल किसी साजिश के तहत किया गया हो सकता है। इसके अलावा परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा चक्कर आने और कमजोरी महसूस करने की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या चोरी को अंजाम देने के लिए खाने या किसी अन्य चीज में नशीला पदार्थ मिलाया गया था।

इसे भी पढ़ें –पेपर लीक मामले पर सियासी घमासान तेज, भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *