दिल्ली से जिम कॉर्बेट घूमने जा रहे दोस्तों की कार ट्रक से टकराई, 4 की मौत, 3 घायल
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने जा रहे दोस्तों की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।
दो गाड़ियों में सफर कर रहे थे 12 दोस्त
पुलिस के अनुसार दिल्ली से कुल 12 दोस्त दो गाड़ियों में जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के लिए निकले थे। हादसे का शिकार हुई कार में सात लोग सवार थे, जबकि दूसरी गाड़ी में मौजूद पांच लोग सुरक्षित रहे। दुर्घटना रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में स्वार-टांडा रोड पर हुई।
तीन की मौके पर, एक की अस्पताल में मौत
पुलिस ने मृतकों की पहचान अभिषेक अग्निहोत्री (30), कार्तिक (24), नीरज (24) और गुलबुद्दीन (35) के रूप में की है। अभिषेक, कार्तिक और नीरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गुलबुद्दीन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार चालक को वाहन चलाते समय झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर की मदद से वाहन काटना पड़ा।
दिल्ली की एक कंपनी में साथ करते थे काम
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और छुट्टी के दौरान घूमने के लिए जिम कॉर्बेट जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
रामपुर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।