#क्राइम #राज्य-शहर

ऑपरेशन नीलमणि में बड़ी कामयाबी: 1.69 लाख का इनामी तस्कर सुनील रावत गिरफ्तार

1.69 लाख का इनामी ड्रग तस्कर सुनील रावत गिरफ्तार

राजस्थान और मध्यप्रदेश में फैले ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यानी ANTF ने कुख्यात अंतरराज्यीय तस्कर सुनील रावत मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। 1.69 लाख रुपये के इनामी इस आरोपी को मध्यप्रदेश के नीमच जिले के जीरन इलाके से पकड़ा गया और कड़ी सुरक्षा में जयपुर लाया गया।

ए एन टी एफ आईजी विकास सांगवान ने बताया सुनील रावत की गिरफ्तारी के लिए पिछले आठ महीनों से ‘ऑपरेशन नीलमणि’ चलाया जा रहा था। पुलिस ने बेहद सटीक रणनीति अपनाते हुए करीब 15 दिनों तक लगातार रेकी की और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी। एक कॉन्स्टेबल को चरवाहे के वेश में गांव में तैनात किया गया, जिसने गुप्त रूप से आरोपी की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी जुटाई।

आरोपी लगातार जंगलों में ठिकाने बदलता रहता था और सीधे संपर्क से बचने के लिए अलग-अलग माध्यमों से संदेश भेजता था, जिससे वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा।

आई जी ने बताया गिरफ्तारी की रात तेज बारिश पुलिस के लिए मौका बन गई। सूचना मिली कि आरोपी जंगल नहीं जा पाया और अपने घर पर ही मौजूद है। इसके बाद आधी रात को पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापा मारा और सुनील को घर में एक ड्रम के पीछे छिपे हुए पकड़ लिया।

सुनील रावत राजस्थान के टॉप-25 नारको अपराधियों में शामिल था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित 19 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह पहले भी पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो चुका है।

ANTF आईजी के मुताबिक, यह गिरफ्तारी ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है और अब पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *