अलवर में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी-लाठियों से हमला; चार लोग गंभीर घायल
अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हनुमान सर्किल के पास झंकार होटल के पीछे शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हमले में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंज खेड़ली निवासी राज और उसके परिवार का संचैत के बच्चों को लेकर शाम के समय विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि बाद में संचैत ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
देर रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उस समय राज के परिवार पर हमला कर दिया, जब वे घर में सो रहे थे। हमलावरों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में इकबाल, उसका भाई राज, राज की पत्नी शबनम और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।