अलवर में कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ की बैठक, ममता भूपेश और टीकाराम जूली ने सरकार पर साधा निशाना
अलवर। जिले में कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व मंत्री ममता भूपेश और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए।
बैठक को संबोधित करते हुए ममता भूपेश ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर दौरे कर रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता हताश हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर पंचायत राज और निकाय चुनाव नहीं कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का सरकार से विश्वास उठ चुका है।
ममता भूपेश ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि अपराध पहले भी होते थे, लेकिन उस समय सरकार संवेदनशील और गंभीर रहती थी, जबकि वर्तमान सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अलवर में जीएसटी विभाग के एक अधिकारी के घर हुई डकैती का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई।
जूली ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पहले राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें हरियाणा के बराबर करने और ईआरसीपी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा किया था, लेकिन ये वादे अब तक पूरे नहीं हुए।
उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस परियोजना का अधिकांश कार्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था और इसकी आधारशिला तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के समय रखी गई थी। जूली ने कहा कि पहले हुई आगजनी की घटना का खुलासा नहीं हुआ और अब दोबारा उद्घाटन किया जा रहा है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।