रामगढ़ हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
शनिवार दोपहर बाद तीनों आरोपियों को रामगढ़ न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने दो दिन का पीसी रिमांड मांगा है। एडिशनल एसपी दीपक शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने स्तर पर स्पेशल टीम बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी संसाधनों और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आदित्य, अजय और यूनुस को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के युवकों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जयपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर रामगढ़ थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में करीब आठ युवकों को नामजद किया गया था, जबकि एक अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही घटना के कारणों और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहन जांच जारी है।